काले धन की कालिख के निशान समय-समय पर बॉलीवुड में भी नजर आते रहते हैं। अभी ताजा मामला है मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ के घरों पर आयकर विभाग के छापे का। प्रियंका पर करीब आठ करोड़ रुपए की कमाई पर टैक्स चुराने का आरोप है। ये सिर्फ एक मिसाल है सच्चाई ये है कि बॉलीवुड की फिल्मों और काले धन का रिश्ता बहुत पुराना है। और, सालाना करीब ढाई हजार करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा इनकम टैक्स के शिकंजे में फंस गई हैं। लगातार दूसरे दिन प्रियंका के घर पर पड़े छापे में आयकर विभाग को 7.5 करोड़ की बेमानी संपति मिली है। ये वो संपति है जिसका हिसाब खुद प्रियंका चोपड़ा भी नहीं दे पाईं। इनकम टैक्स को भी अभी तक इस संपति का कोई ब्योरा नहीं मिल पाया है। इससे पहले कैटरीना कैफ के घर और दफ्तर पर भी इनकम टैक्स के छापे पड़े थे। बॉलीवुड की इन दो मशहूर अभिनेत्रियों के घरों पर पड़े टैक्स छापे ने फिर से इस बात को मजबूती दी है कि बॉलीवुड में टैक्स चोरी और फिर इसके काले धन में तब्दील होने की कहानी रुकी नहीं है। पहले ये काला धन सीधे-सीधे दाऊद जैसे अपराधियों के जरिए लगता था। लेकिन, अब इसकी जरूरत नहीं रही। अब निर्माता ही काले धन की कालिख बढ़ाने में मददगार होते हैं। ये एक कड़वी सच्चाई है कि बॉलीवुड की फिल्मों में जो, रकम लगती है वो, पूरी रकम कभी भी टैक्स विभाग की जानकारी में नहीं होती। फिल्मी सितारों को किस फिल्म के लिए कितनी रकम मिली ये हमेशा लोगों के लिए अबूझ पहेली होता है। सितारों की इस झिलमिलाती, रंगीन दुनिया में हर साल करीब ढाई सौ फिल्में बनती हैं। और, जिस तरह से टैक्स छापों में टैक्स चोरी की बातें समय-समय पर सामने आती हैं उसे आधार माना जाए तो, हर फिल्म दस करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का सीधा सा मतलब हुआ कि सालाना करीब ढाई हजार करोड़ रुपए की टैक्स चोरी बॉलीवुड में हो रही है और ये काले धन का खजाना बढ़ा रहा है। सरकार पर काले धन को विदेश से वापस लाने का दबाव बढ़ रहा है। लेकिन, सबसे ज्यादा मुनाफे वाली इंडस्ट्री में बढ़ते काले धन पर रोक की चिंता शायद ही किसी को है। क्योंकि, इस रंगीनी में हर कोई खो जाता है। बस कभी-कभी छोटे-मोटे टैक्स छापे भर से काम चलाया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment