मोबाइल नंबर पोर्टेब्लिटी का इंतजार कर रहे लोगों के इंतजार का समय खत्म हो चुका है। अब आपको मोबाइल कंपनी के नखरे नहीं सहने होंगे। कॉल ड्राप, नेटवर्क की समस्या या महंगी कॉल दरों को लेकर अभी तक ग्राहक मोबाइल कंपनियों के जुल्म सहते चले आ रहे थे क्योंकि ऑपरेटर बदलने के लिए उन्हे नंबर भी बदलना पड़ता लेकिन आज से यह सब इतिहास बन जाएगा। ऑपरेटर बदलने के लिए बस आपको एक एसएमएस करना होगा। मैसेज बॉक्स में जा कर टाइप करें पोर्ट, फिर अपना मोबाइल नंबर और भेज दीजिए 1900 पर। इसके बाद आपको एक युनीक पोर्टिंग कोड मिलेगा। इस कोड की मदद से आप अपना पसंदीदा ऑपरेटर चुन सकेंगे। ऑपरेटर को कोड दिखाकर और फॉर्म भरने के बाद आपको नया सिम कार्ड मिल जाएगा। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आपका नया सिम कार्ड एक्टिवेट हो जाएगा। ऑपरेटर बदलने के लिए चुकाने होंगे सिर्फ 19 रुपये। टेलिकॉम रेग्युलेटरी ऑथरिटी ने 20 जनवरी से पूरे देश में मोबाइल पोर्टेब्लिटी सुविधा लागू करने की नोटिफिकेशन जारी कर दी थी। हांलाकि इससे पहले हरियाणा में यह सुविधा शुरु हो चुकी थी। अपने ऑपरेटर को बदलने के लिए उफभोक्ता को केवल 19 रुपए का भुगतान करना होगा साथ ही अपने पुराने बिल को चुकाना होगा उसके बाद वह किसी भी ऑपरेटर का चयन कर सकता है। मोबाइल ऑपरेटरों के विरोध के चलते एमएनपी को तीन बार रद्द करना पड़ा था। एमएनपी लागू होने से पहले सभी मोबाइल कंपनियां दूसरी कंपनियों के ग्राहक अपनी ओर खीचने के लिए जबर्दस्त प्रचार कर रही हैं।
No comments:
Post a Comment